
जर्जर पुलिया से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, विकास कार्यों पर उठे सवाल

- जिला प्रतिनिधि- बसंत पटेल, सारंगढ
बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़)। ‘ग्रामीण क्षमता न्यूज’ की टीम ने बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नौघटा से बिलाईगढ़ मार्ग का दौरा कर जर्जर पुलिया की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पूर्व सरपंच पीतांबर चौहान ने टीम को पुलिया की खराब हालत दिखाते हुए बताया कि लंबे समय से इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से कई बार मांग करने का दावा किया है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
गांव में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना का लाभ आज तक कई घरों तक नहीं पहुंच पाया है। इस कारण लोगों को पानी के लिए अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। 
ग्रामीणों ने विकास कार्यों की धीमी गति पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावों के दौरान किए गए वादों का धरातल पर अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि अब वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेही और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 
- ग्रामीणों के अनुसार, “जनता अब जाग चुकी है और केवल वादों से काम नहीं चलेगा। विकास कार्यों का लाभ सीधे गांव और आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।”

फिलहाल ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं पर ध्यान देते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगे।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें










