
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व पिछड़ा समाज की महा रैली, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जिला प्रतिनिधि- जोहन लाल नेताम
कोण्डागांव (छत्तीसगढ़):- सर्व पिछड़ा समाज द्वारा अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को विकास नगर स्टेडियम से विशाल महा रैली निकाली गई। रैली में जिलेभर से हजारों की संख्या में सामाजिक जन शामिल हुए। रैली से पहले स्टेडियम में आयोजित जनसभा को समाज प्रमुखों ने संबोधित किया और पिछड़ा वर्ग से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया। 
समाज की प्रमुख मांगों में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण, राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल करना तथा बस्तर में लागू छठी अनुसूची में ओबीसी को शामिल करना शामिल है। 
जनसभा के बाद सर्व पिछड़ा समाज के लोग रैली के रूप में स्टेडियम से बाजार क्षेत्र होते हुए मुख्य मार्ग से एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान रैली करीब दो किलोमीटर लंबी दिखाई दी और बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। रैली के माध्यम से समाज ने अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सहयोग किया गया। कार्यक्रम के समापन पर समाज प्रमुखों ने रैली में शामिल सभी सामाजिक जनों, पुलिस प्रशासन तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें










