
नकली डीएपी, खाद-बीज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

न्यूज प्रतिनिधि- गौतम मजूमदार, बस्तर
जगदलपुर (छत्तीसगढ़):- बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विभाग कार्यालय के समक्ष नकली डीएपी, खाद एवं बीज की बिक्री के विरोध में ढोल-नगाड़े बजाकर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को अमानक एवं नकली खाद-बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि किसानों के साथ बड़ा अन्याय हो रहा है और नकली डीएपी के नाम पर मिट्टी जैसी सामग्री बेची जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। 
विधानसभा उपनेता लखेश्वर बघेल ने कहा कि खरीफ सीजन में किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं, जबकि ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने शासकीय एवं निजी कृषि केंद्रों में नकली खाद-बीज की बिक्री की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें










