“मांडोदेवी में गूंजेगा माता का जयकारा, नवरात्रि की तैयारियां अंतिम चरण में!” घटस्थापना में होंगी 2100 महाज्योत प्रज्वलित, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां।

जिला प्रतिनिधि, ग्रामीण क्षमता न्यूज

04 अक्तूबर 2026

गोंदिया:- शारदीय नवरात्रि को लेकर सूर्यादेव मांडोदेवी देवस्थान, बघेड़ा/तेढ़ा तहसील आमगांव में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 11 अक्टूबर से प्रारंभ होने जा रहे नवरात्रि उत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार, 3 अक्टूबर को देवस्थान संस्था के अध्यक्ष एवं गोंदिया विधायक विनोद अग्रवाल ने संस्था पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं, महाप्रसाद, घटस्थापना, यातायात व्यवस्था, ज्योति कलश, पेयजल आपूर्ति तथा बिजली व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। विधायक विनोद अग्रवाल ने सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण एवं सुचारू रूप से करने पर जोर देते हुए नवरात्रि उत्सव को भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।

नवरात्रि के दौरान मांडोदेवी देवस्थान में होने वाली घटस्थापना विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है। इस वर्ष घटस्थापना के अवसर पर करीब 2100 महाज्योत की व्यवस्था रखी गई है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा यहां ज्योत प्रज्वलित की जाती है, जिसके चलते नवरात्रि के दौरान देवस्थान परिसर श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण से जगमगा उठता है। महाज्योत की व्यवस्था को लेकर भी संस्था द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गोंदिया जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर प्राकृतिक वनसंपदा के बीच पहाड़ियों की चोटी पर स्वयंभू मां मांडोदेवी देवस्थान मध्य विदर्भ का धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। विशेष रूप से चैत्र नवरात्रि एवं शारदीय नवरात्रि के दौरान गोंदिया जिले के साथ ही भंडारा, गडचिरोली, चंद्रपुर तथा मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां मांडोदेवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु माता के समक्ष शीश झुकाकर अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं।

मांडोदेवी देवस्थान तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न मार्ग उपलब्ध हैं। वर्तमान में कोहमारा-गोंदिया मार्ग पर गोरेगांव के पूर्व मुंडिपार से सीधे मांडोदेवी देवस्थान तक पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा आमगांव तथा देवरी की ओर से भी मांडोदेवी के लिए सीधे पहुंच मार्ग उपलब्ध हैं। नवरात्रि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इन मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी बैठक में विशेष ध्यान दिया गया।

मांडोदेवी देवस्थान की एक विशेष पहचान सर्वजातीय सामूहिक विवाह की पहल से भी जुड़ी हुई है। देवस्थान परिसर से सर्वजातीय सामूहिक विवाह की शुरुआत किए जाने के चलते यह धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता के केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बना चुका है। गोरेगांव सहित आसपास के क्षेत्रों से देवस्थान की निकटता होने के कारण वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

शारदीय नवरात्रि में संभावित भीड़ को देखते हुए देवस्थान संस्था द्वारा दर्शन व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, महाज्योत व्यवस्था तथा महाप्रसाद सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है। बैठक में श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया गया। संस्था का प्रयास है कि शारदीय नवरात्रि उत्सव के दौरान मांडोदेवी पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम दर्शन, आवश्यक सुविधाएं और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध हो तथा पूरा नवरात्रि उत्सव व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

बैठक में संस्था अध्यक्ष एवं विधायक विनोद अग्रवाल के साथ सचिव डॉ. लक्ष्मण भगत, उपाध्यक्ष भैयालाल सिंदराम, कोषाध्यक्ष विश्वनाथ असाटी, सहसचिव कुशनजी घासले, सदस्य डॉ. जितेंद्र मेंढे, शालिकराम उईके, सखाराम सिंदराम, दिलीप खंडेलवाल, राहुल अग्रवाल, नंदकिशोर गौतम, श्याम ब्राह्मणकर, छन्नू काठेवार तथा मंदिर के पुजारी पंडित अयोध्यादास जी महाराज उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

महाराष्ट्र में किसकी बनेगी सरकार? विधानसभा चुनाव 2024

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Close
Close
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129