
ज्ञानगुड़ी में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए अतिथि शिक्षकों की भर्ती, 17 जुलाई तक आवेदन!

गौतम मजूमदार, ब्यूरो चिफ़ छत्तीसगढ़,
जगदलपुर। जिला प्रशासन बस्तर द्वारा संचालित ज्ञानगुड़ी (District Administration for Youth Activities), धरमपुरा क्रमांक-1, अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए विषयवार अतिथि शिक्षकों से रुचि की अभिव्यक्ति (Expression of Interest) आमंत्रित की गई है।
जारी सूचना के अनुसार 12वीं उत्तीर्ण एवं स्नातक विद्यार्थियों को SSC, रेलवे, व्यापम सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग प्रदान करने हेतु सामान्य अध्ययन के 2 पद तथा तर्क एवं गणित के 1 पद पर अतिथि शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
आवेदकों के लिए संबंधित विषय में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर की योग्यता आवश्यक होगी। वहीं SSC, रेलवे, व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के नवीनतम पैटर्न, ऑनलाइन मॉक टेस्ट, डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर एवं स्मार्ट क्लासरूम में अध्यापन का अनुभव तथा हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में प्रभावी संवाद क्षमता होना आवश्यक है।
चयनित अतिथि शिक्षकों को प्रति माह ₹27,000 का एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा। यह पूर्णतः अस्थायी व्यवस्था होगी तथा इसे शासकीय नियुक्ति नहीं माना जाएगा। मानदेय उपलब्ध फंड के आधार पर ही देय होगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपना बायोडाटा (रिज्यूमे) 17 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बस्तर (जगदलपुर) में स्वयं अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। पात्र अभ्यर्थियों का वॉक-इन इंटरव्यू 21 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे ज्ञानगुड़ी, धरमपुरा, अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड, जगदलपुर में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बस्तर से संपर्क कर सकते हैं।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें










