
उमरी में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन

बालाघाट (न्यूज रिपोर्टर आशीष नेवारे)
शिविर में 334 लोगों ने कराया पंजीयन, 252 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण
उमरी, कटंगी।
सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, ब्रांच कटंगी द्वारा मानवता को समर्पित 8वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन रविवार, 1 सितंबर को संत निरंकारी सत्संग भवन उमरी में सम्पन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी के मुख्य आतिथ्य एवं संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, जोन जबलपुर की खुशबू नवनीत नागपाल की अध्यक्षता में किया गया। 
इस विशाल रक्तदान शिविर में कुल 334 लोगों ने पंजीयन कराया, जिसमें से 252 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। शिविर के दौरान आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता देखी गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि संत निरंकारी मिशन के परोपकारी प्रयास और इस प्रकार के मानवीय आयोजन अत्यंत प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा, “रक्तदान करके कई लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए सभी को रक्तदान अवश्य करना चाहिए।” 
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, जोन जबलपुर की खुशबू नवनीत नागपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिशन पिछले 37 वर्षों से सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के संदेश से प्रेरित होकर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बाबा हरदेव सिंह जी के प्रसिद्ध कथन को याद करते हुए कहा, “खून नालियों में नहीं, इंसान की नसों में बहे,” और बताया कि इस प्रण के साथ मिशन की शाखाओं में पूरे देश में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, ब्रांच कटंगी के संयोजक पी. आर. पटले ने शिविर में उपस्थित सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों, और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्तदान शिविर को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया और आम जनों से अपील की कि वे इसी तरह आगामी शिविरों में भी सक्रिय सहयोग करें।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के मीडिया संयोजक अवलेष पारधी ने जानकारी दी कि इस शिविर में 334 महिला और पुरुषों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 252 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, 82 लोग रक्त की कमी, उच्च रक्तचाप और अन्य स्वास्थ्य कारणों की वजह से रक्तदान नहीं कर सके। शिविर की सफलता में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवकों, सेवादारों, और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी के स्वास्थ्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें










