
एसएएफ जवान ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर कर दी हत्या, मृतिका आरक्षक के पद पर पदस्थ थी! हत्या के बाद जवान ने थाने में किया खुद को सरेंडर!

Reg. MSME- MH-11-0032298
न्यूज रिपोर्टर- मधुसूदन मारवाड़ी, बालाघाट
बालाघाट:- मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एसएएफ जवान ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका आरक्षक के पद पर पदस्थ थी। वहीं हत्या के बाद जवान ने थाने में सरेंडर कर दिया। यह पूरा मामला बालाघाट कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, महिला आरक्षक उपासना बघेल और पति एसएएफ जवान विशाल बघेल जिला सिवनी के रहने वाले हैं। साल 2020 में इनकी शादी हुई थी। उपासना बालाघाट पुलिस लाइन में पदस्थ हैं। वहीं पति इंदौर बटालियन में हैं। दोनों का एक छोटा बेटा भी हैं। पिछले साल से इनके बीच पारिवारिक विवाद चल रहा हैं।
ससुराल वालों पर पहले भी कर चुका हैं हमला
पारिवारिक विवाद में आरोपी पति विशाल साल 2023 में अपने ससुर व साले पर प्राणघातक हमला कर चुका हैं। साले पर गोली चलाने के चलते उसके खिलाफ धारा 307 का मामला दर्ज किया गया था और जेल भेजा गया था। वहीं बटालियन ने उसे निलंबित कर दिया था। हाल ही में विशाल बघेल बहाल हुआ है।
पत्नी का गला घोटकर की हत्या
आरक्षक पत्नी उपासना सिंह अपनी मां के साथ किराये के कमरे में रह रही थी। करवा चौथ से विशाल बघेल जबरन आकर इनके साथ रहने लगा था। बीती रात पारिवारिक विवाद में विशाल ने पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी और आज सुबह कोतवाली पहुंचकर सरेंडर करते हुए घटना की जानकारी दी।
हत्या के बाद खुद ने भी आत्महत्या का किया प्रयास
घटना के बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। पंखे पर एक फंदा लटका पाया गया हैं। हालांकि पुलिस ने शव बरामद कर लिया हैं। घटनाक्रम के विविध पहलुओं को लेकर विवेचना की जा रही हैं। मौके पर डीएसपी के अलावा कोतवाली पुलिस व एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की हैं। डीएसपी सोनम झरबड़े ने बताया कि यह पारिवारिक विवाद में घटनाक्रम होना सामने आया हैं। जांच की जा रही हैं। वहीं मृतिका के परिजनों ने आरोपी को फांसी की सजा दिये जाने की मांग की हैं।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें